रायगढ़

अवैध संबंध में आरोप में ग्रामीण की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
10-May-2025 7:40 PM
अवैध संबंध में आरोप में ग्रामीण की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 10 मई। पत्नी से अवैध संबंध के आरोप को लेकर हुए विवाद में पति के पेट पर ग्रामीण ने लात मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त घटना खरसिया थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरीत कुमार राठिया मजदूरी का काम करता था। बुधवार की रात सुरीत की पत्नी को गांव का रहने वाला नोहर प्रसाद डनसेना शादी कार्यक्रम में छोडऩे के लिए कुनकुनी गया था। रात में करीब साढ़े 8 बजे सुरीत की मुलाकात नोहर प्रसाद डनसेना से हुई, तो सुरीत उससे कहने लगा कि मेरी पत्नी के साथ तेरा प्रेम प्रसंग है और गाली-गलौज करने लगा। इससे दोनों के बीच विवाद हो गया, तब गुस्से में आकर नोहर ने सुरीत के पेट पर जोरदार लात मार दिया। इससे वह जमीन में गिर गया। इसके बाद नोहर वहां से चला गया।

घटना की जानकारी सुरीत के भाई सुशील कुमार राठिया और उसके परिजनों को हुई।

परिजन घर में उसका घरेलू उपचार करा रहे थे। जहां गुरुवार की रात 8 बजे सुरीत की हालत बिगडऩे लगी। ऐसे में उसे तत्काल खरसिया अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रायगढ़ रेफर कर दिया। सुरीत कुमार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में खरसिया थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि घटना के बाद मृतक के बड़े भाई ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट