रायगढ़

हाईवा पलटने से चालक की दबकर मौत, हेल्पर गंभीर
26-Apr-2025 9:52 PM
हाईवा पलटने से चालक की दबकर मौत, हेल्पर गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 अप्रैल। शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार हाईवा घाटी में पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उक्त घटना कापू थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत मड़वाताल घाट में कल सुबह लगभग 9 बजे बलरामपुर से गिट्टी से लेकर चाल्हा जा रहा हाईवा का चालक अपने वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और फिर वाहन लहराती हुई घाट में पलट गई।

इस दुर्घटना में भारी वाहन के नीचे दबकर चालक राजाराम परस्ते की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन का हेल्पर प्रकाश कुमार टेकाम गिट्टी के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। 

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इस घटना की जानकारी डायल 112की टीम को दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को पीएम के लिये अस्पताल भेज दिया हैं वहीं हेल्फर का उपचार जारी है। 


अन्य पोस्ट