रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 अप्रैल। नंदेली में अवैध शराब समेत दो आरोपियों को कोतरारोड पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
19 अप्रैल को दोपहर के समय थाना प्रभारी त्रिपाठी के नेतृत्व में एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई देव प्रसाद चैहान और हमराह स्टाफ ने ग्राम नंदेली में भ्रमण कर ग्रामीणों से समस्याएं सुनीं और इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुभरन निषाद और बन्धन चौहान के घरों में दबिश दी गई।
शुभरन निषाद के घर से 15-15 लीटर और 5 लीटर के प्लास्टिक जरीकेनों में भरकर रखी गई कुल 70 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 7,000 रुपये है, बरामद की गई। वहीं बंधन चौहान के घर से 20 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 2,000 रुपये, जब्त की गई। दोनों के विरुद्ध थाना कोतरारोड में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग मामले पंजीबद्ध किए गए हैं।
पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने की चेतावनी दी और दोहराया कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व 18 अप्रैल को भी पुलिस ने नंदेली निवासी सबीना सारथी के घर दबिश देकर 4 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की थी, जिस पर धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।


