रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 7 अप्रैल। देर रात एनएच 49 पर कार और बाईक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाईक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई, वहीं कार चालक भी बुरी तरह घायल हो गया है। इस घटना में दोनों वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की जानकारी के बाद कोतरा रोड पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेहरामुड़ा निवासी बाईक हीरो होण्डा क्रमांक सीजी 13 एसी 8269 में सवार तीन युवक अमित राठिया, तरूण राठिया, रितेश राठिया कल शाम रायगढ़ शहर में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को देखने आये हुए थे।
देर रात 11 बजे के आसपास घर जाते समय बाईक सवार तीनों युवक जब ग्राम गेंजामुड़ा के पास एनएच 49 में पहुंचे थे, तभी एक ट्रक को ओवरटेक करते समय बिलासपुर की तरफ से रही एक कार क्रमांक सीजी 10 एव्ही 5902 से बाईक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इस घटना में मौके पर ही अमित राठिया की मौत हो गई, जिसके बाद दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। इस बीच रात में ही रितेश की भी मौत हो गई, जबकि आज सुबह तीसरे घायल युवक अरूण राठिया की भी मौत हो गई है।
इस घटना के बाद तीनों युवकों के शव के पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार चालक भी घायल
बताया जा रहा है कि इस घटना में कार चालक को भी गंभीर चोट आने की वजह से उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।




