रायगढ़

चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़े भक्त
31-Mar-2025 3:12 PM
चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़े भक्त

हजारों मनोकामना जोत प्रज्जवलित

रायगढ़, 31 मार्च। चैत्रनवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर के देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देवी मां के दर्शन कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान देवी मंदिरों में हजारों की संख्या में आस्था के दीप भी जगमगा उठे हैं।

चैत्र नवरात्र के साथ-साथ हिंदू नववर्ष के शुभारंभ के रूप में मनाये जाने वाले इस पर्व के चलते रविवार को शहर के सभी देवी मंदिरों जिनमें बुढ़ी मांई मंदिर, अनाथलय दुर्गा मंदिर, सेठीनगरदुर्गा मंदिर, बुढ़ी समलाई मंदिर, समलेश्वरी मंदिर राजा पारा, दुर्गा मंदिर बस स्टैण्ड, काली मंदिर मधुबनपारा सहित तराईमाल स्थित बंजारी मंदिर, उर्दना स्थित महमाया मंदिर, चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में सुबह नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के विधिवत पूजा अर्चना पश्चात आस्था के दीप प्रज्वलित किये गए।

 इन देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों का आना शुरू हो गया और चंदघंटे पश्चात मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटने लगी। देवी मंदिरों में भक्तों का यह तांता दोपहर करीब एक बजे तक चला इसके बाद दोपहर के समय भक्तों की संख्या कुछ कम हुई मगर शाम ढलते ही फिर से इन देवी मंदिरों में दर्शन के लिये अपार भीड़ पहुंची और रात्रि दस बजे तक हजारों की संख्या में लोगों ने माता की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रसाद ग्रहण किया।

 

इस वर्ष रायगढ़ की अधिष्ठात्री देवी मां बुढी माई के दरबार में पूरे नव दिनों तक विभिन्न भजन व जगराता के कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं। यहां श्रद्धालु भक्तों की ओर से 18 सौ दीप प्रज्वलित किये गए हैं। इसी तरह अन्य देवी मंदिरों में भी सैकड़ो की संख्या में आस्था के दीप जलाये गए हैं। इन दीपों को पूरे नव दिनों तक प्रज्वलित रखा जाता है और अंतिम दिन इनका विसर्जन होता है।  इन नव दिनों के दौरान सभी माता के मंदिर में श्रद्धालु भक्तों का बड़ी संख्या में तांता लगता है। इन देवी मंदिरों में नवरात्र के दौरान महिलाओं की बडी भागीदारी देखी जाती है।


अन्य पोस्ट