रायगढ़

2023 के मुकाबले 2024 में अपराधों में आई कमी- एसपी
04-Jan-2025 3:25 PM
2023 के मुकाबले 2024 में अपराधों में आई कमी- एसपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 4 जनवरी। रायगढ़ जिला मुख्यालय में रायगढ़ पुलिस के द्वारा साल 2024 में हुए अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। 2023 की तुलना में साल 2024 में रायगढ़ पुलिस की सक्रियता से अपराधों में कमी आने के साथ-साथ सायबर अपराधों में काफी हद तक पुलिस ने सफलता पाई है।

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता अपराधों पर लगाम लगाने के साथ-साथ जिले में शांति व्यवस्था को बनाये रखना है। एक ओर जिले की बढ़ती आबादी और उद्योगों व वाहनों की संख्या में इजाफा होने से अपराध का बढऩा लाजमी है जिस पर नियंत्रण रखने में रायगढ़ पुलिस पूरी तरह से सफल रही है। इसे वर्ष 2024 के क्राईम आकड़ों से समझे, जहां वर्ष 2024 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 5430 अपराध दर्ज किए गए जिसमें 5020 प्रकरणों का निकल हो चुका है। केवल 410 मामले जांच में लंबित है। इस प्रकार अपराध निकाल 92.44: रहा है। गंभीर मामले (हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, मानववध) 123 दर्ज हुए जिसमें मात्र 20 प्रकरण ही विवेचना में हैं। वर्ष 2023 में 6570 अपराध दर्ज किया गया था, देखा जाये तो अपराधों में कमी आयी है। वर्ष 2024 में हत्या के अपराध में कमी आयी है, वर्ष 2023 में 65 मामले दर्ज थे जो घटकर 57 है, हत्या का प्रयास गत वर्ष 44 था, इस वर्ष 27 दर्ज हुआ। मारपीट के मामले सामान्य रहे, वर्ष 2023 में 1206 और वर्ष 2024 में 1235 रिपोर्ट आयी । संपत्ति संबंधी अपराध- चोरी और नकबजनी में भी कमी देखने को मिली, चोरी पिछले वर्ष 2023 में 498 और 2024 में 427, नकबजनी-2023 में 152 और 2024 में 148 है। वर्ष 2024 में संपत्ति संबंधी अपराध में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.48 करोड़ रूपये की संपत्ति बरामदगी की।

गुम नाबालिगों की खोज के लिए चलाये जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने अभियान चलाकर विभिन्न थानाक्षेत्र से इस साल गुम हुए 156 नाबालिगों में से 146 नाबालिगों को ढूंढ निकाला है, जिसमें 17 नाबालिगों को पुलिस टीम ने-हरियाण, जम्मू, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, आन्ध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिसा, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडू और मध्य प्रदेश से सकुशल वापस रायगढ़ लायी, गुम बच्चों की दस्तयाबी 93: रही। इसी प्रकार वर्ष 2024 में दर्ज- 863 गुम इंसान (नाबालिग समेत, महिला-पुरूष) की जांच में पुलिस ने विभिन्न थानाक्षेत्र से खोज कर 603 गुम इंसान को अपनों से मिलाया गया।


अन्य पोस्ट