रायगढ़

रायगढ़, 13 अक्टूबर। शहर में कई साल से तीन अलग-अलग जगहों पर रावण पुतले का दहन किया जाता है। इस बार भी तीनों जगह रावण दहन किया गया।
नटवर स्कूल मैदान रावण दहन किया गया। इससे पहले मुख्य अतिथि ओपी चौधरी ने कहा कि त्रेता युग में प्रभु श्री राम को 14 साल का वनवास करना पड़ा था, लेकिन कलयुग में 500 साल से अधिक समय तक टेंट के नीचे रहना पड़ा। उन्होंने असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजय दशमी की लोगों को बधाई दी। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
मिनी स्टेडियम में 48 फीट का रावण पुतले का दहन
नटवर स्कूल मैदान के बाद शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में रावण के पुतले का दहन कार्यक्रम करीब सवा दस बजे शुरू हुआ। जहां पहले तो ओपी चौधरी ने लोगों को संबोधित किया और उसके बाद 48 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान कंप्यूटराइज्ड आतिशबाजी की गई।
शहर में निकाला विजय जुलूस
सार्वजनिक रामलीला आयोजन समिति के द्वारा इस बार रामलीला मैदान में 50 फीट का रावण बनवाया गया था। शाम करीब 7 बजे रामलीला मैदान से विजय जुलूस निकाला गया और यह जुलूस सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, स्टेशन चौक , सुभाष चौक, हटरी चौक होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची। जहां रामलीला के मंच पर राम रावण युद्ध हुआ और उसके बाद मंत्री ओपी चैधरी ने रावण के पुतले का दहन किया।
पुलिस जवान रहे मुस्तैद
रावण दहन कार्यक्रम को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने पहले से तैयारी कर ली थी। ऐसे में शहर के चप्पे-चप्पे पर 250 पुलिस के जवान अधिकारी ड्यूटी पर तैनात थे। शहर के चार थाना क्षेत्र में पुलिस की छह पेट्रोलिंग पार्टी घूम घूम कर पेट्रोलिंग कर रही थी। साथ ही साइबर सेल की टीम साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए आसामाजिक तत्वों पर नजर रख रही थी।