रायगढ़

पूर्व महापौर मनहर का कांग्रेस से इस्तीफा
07-Oct-2024 8:45 PM
पूर्व महापौर मनहर का  कांग्रेस से इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 7 अक्टूबर। रायगढ़ नगर निगम के पूर्व महापौर व कांग्रेस नेता जेठूराम मनहर ने आज कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और उन्होंने इस्तीफे की कापी प्रदेश कांगे्रस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज व रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला को भेजी है।

ज्ञात हो कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व महापौर जेठूराम मनहर रायगढ़ नगर निगम के प्रथम महापौर थे। उन्होंने 2005 में भारी बहुमत से जीत दर्ज करके निगम का प्रथम महापौर बनकर कांगे्रस की स्थिति को मजबूती से आगे रखा था।

निगम के पूर्व महापौर व कांग्रेस नेता जेठूराम मनहर ने अपने इस्तीफे को लेकर कहा है कि वे कई महीनों से कांगे्रस में अपने आपको असहज महसूस कर रहे थे और इसलिये आज उन्होंने यह इस्तीफा दिया है।

 बातचीत के दौरान उन्होंने इस्तीफे के पीछे का कारण खुलकर तो नहीं बताया, लेकिन इशारों-इशारों में यह बता दिया कि विधानसभा चुनाव तथा लोकसभा चुनाव में उनकी अनदेखी की जा रही थी। अपने इस्तीफे के बाद नई पार्टी में शामिल होने के सभी विकल्प खुले होना बताया।

रायगढ़ शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला का कहना है कि जेठूराम मनहर कांगे्रस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और निगम में प्रथम महापौर के रूप में बनने से उन्हें बकायदा सम्मान दिया जाता रहा है। अचानक उनके इस्तीफे के पीछे क्या कारण हो सकते हैं यह उन्हें नहीं पता और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें पूर्व महापौर के इस्तीफे की जानकारी मिली है। बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा व लोकसभा चुनाव में उनकी सक्रियता पहले जैसी नहीं थी। 


अन्य पोस्ट