रायगढ़

प्रसव के दौरान मौत की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 सितंबर। धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत आने वाले छाल रेंज के जंगल में हाथी का एक शावक मृत अवस्था में मिला है।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार छाल वन परिक्षेत्र के खर्रा एरिया के काजू बाड़ी नामक स्थान से हाथी शावक का यह शव बरामद किया गया है। मगंलवार को सुबह क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस हाथी शावक को मृत अवस्था में देखा। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। इस मामले में अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस नवजात हाथी शावक का शव मृत अवस्था में मिला, यह शव गर्भ झिल्ली से पूरी तरह से लिपटा हुआ था।
इस लिहाज से यह आशंका जताई जा रही है कि प्रसव पूर्व या प्रसव के दौरान अथवा समय से पहले जन्म होने की वजह से इस हाथी के नवजात शावक की मृत्यु हुई होगी। फिलहाल, वन विभाग के अधिकारियों द्वारा इस मामले पर आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है।
अधिकृत जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज अंतर्गत आने वाले कीदा बीट के 586 आरएफ में यह शव मिला है। इस मामले की सूचना मिलते ही विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृत शिशु हाथी के शव को विधिवत दफन कराया गया। मगंलवार को जारी विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत वर्तमान समय में कुल 66 हाथी अलग अलग इलाकों में विचरण कर रहे हैं। वहीं, छाल रेंज में 24 हाथियों की हालिया मौजूदगी दर्ज की गई है। हाथी प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को लेकर धरमजयगढ़ वन विभाग द्वारा सभी विभागीय उपाय अपनाए जा रहे हैं।