रायगढ़

रायगढ़, 24 अगस्त। जिले के विकासखंड पुसौर में हुई गैंगरेप पर लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा की रायगढ़ समेत प्रदेश में महिला अपने आप को असुरिक्षत महसूस कर रही है। विष्णु साय की सरकार में कानून व्यवस्था ठप है ऐसे में न्याय मिलना अब यहां असंभव हो गया है।
विद्यावती सिदार जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में आईं थी। बलौदाबाजार हिंसा, पुसौर सामूहिक दुष्कर्म के प्रति विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह प्रेसवार्ता का आयोजन किया था जिसके बाद मौन जुलूस निकाला।
इसी दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए लैलूंगा विधायक ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए एक के बाद एक कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुसौर सामूहिक दुष्कर्म से मानवता शर्मसार हुई है। जिले की बेटियां इस घटना से डर गई हैं। रायगढ़ जिले में ऐसी घटनाएं कभी नहीं होती थी, लेकिन साय सरकार जो कुछ ना कर दे आपराधिक घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। महिलाओं से जुड़े अपराध तो सबसे अधिक हो रहे हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और महतारी के वंदन की बात करने वाली साय सरकार में महतारी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हो रहा है और अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। पुसौर की पीडि़ता एक बच्चे की मां है। पुलिस भी इस मामले में लीपापोती कर रही है। पीडि़ता ने लगभग 14 के करीब आरोपी बताएं हैं लेकिन पुलिस कई दिन बीत जाने के बाद भी सिर्फ 7 लोगों को गिरफ्तार किया है यह कैसा न्याय और कैसी पुलिस व्यवस्था अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
ऐसा प्रतीत होने लगा है की प्रदेश में मातृशक्ति सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मौन जुलुस में आईं कई बच्चियां सहमी और डरी हुईं हैं पर पुसौर कांड से आक्रोशित हैं। बिना कुछ कहे सब कह रही हैं। क्या हम इन्हें ऐसा रायगढ़ सौपेंगे।