रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 अगस्त। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली एक महिला की छेडख़ानी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपित अरविंद गुप्ता (38) को गिरफ्तार किया है। महिला ने कल थाने में लिखित आवेदन दिया कि 15 अगस्त को दोपहर तालाब में नहाने गई, तो अरविंद गुप्ता ने उसे गलत नीयत से पकड़ लिया। महिला के चिल्लाने और बचाव करने पर वह भाग गया।
महिला ने आगे बताया कि कुछ दिन पहले भी अरविंद गुप्ता ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील बातें की थीं। घटना की जानकारी परिजनों को देने पर अरविंद ने शराब के नशे में गलती स्वीकार की और माफी मांगी।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पीडि़ता के बयान दर्ज करने के बाद घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें मामूली चोटें पाई गईं।
आरोपी अरविंद गुप्ता पर पहले भी छेड़छाड़ और प्रतिबंधक कार्रवाई के मामले दर्ज हैं। चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी अरविंद गुप्ता को इस छेडख़ानी के अपराध में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।