महासमुन्द

वेतन नहीं, रसोइया संघ ने खोला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा
17-Nov-2021 5:14 PM
वेतन नहीं, रसोइया संघ ने खोला प्रशासन के खिलाफ  मोर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर।
वेतन नहीं मिलने से नाराज रसोइया संघ ने प्रशासन के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है। वे अपनी मांग को लेकर अड़ गए हैं। संघ का कहना है कि जब तक प्रशासन पिछले महीनों का मानदेय नहीं देगी, वे खाना नहीं बनाएंगे। प्रदर्शन के पहले दिन कल पांचों ब्लॉक से रसोइया धरना स्थल पहुंचे थे। दोपहर प्रदर्शन के बाद संघ रैली निकालकर कलेक्टोरेट के लिए रवाना हो रहे थे, लेकिन इसी बीच नायब तहसीलदार सूरज बंछोर रैली निकलने से पहले ही धरना स्थल पहुंचे और उनकी मांगों का ज्ञापन ले लिया।

ज्ञापन लेने के बाद संघ ने रैली समाप्त की और धरने पर फिर बैठ गए। मालूम हो कि पिछले कई महीने से जिले के रसोइयों को मानदेय नहीं मिला है। इसलिए आक्रोशित होकर मंगलवार से वे जिला मुख्यालय में पटवारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार गरीब रसोईयों को पिछले कई माह का मानदेय का भुगतान नहीं कर पा रही है। मानदेय नहीं मिलने की वजह से जिलेभर में कार्यरत रसोइयों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उनका कहना है कि जब सरकार रसोइयों को वेतन भुगतान नहीं कर पा रही है, तो उनके द्वारा तीन सौ रुपए अतिरिक्त दिए जाने की गई घोषणा कैसे पूरी होगी? रसोइयों ने कहा है कि वेतन नहीं मिलने की स्थिति में वे मध्यान्ह भोजन का संचालन बंद कर देंगे। रसोईयों की तीन सूत्रीय मांगों में पहला है कि पिछले महीनों का वेतन भुगतान किया जाए,दूसरा है सरकार द्वारा की गई तीन सौ रुपए अतिरिक्त दिए जाने की घोषणा पर अमल किया जाए और तीसरा सभी रसोईयों को कले1टर दर पर मानदेय दिया जाना शामिल है। संघ की कार्यकारी जिलाध्यक्ष नीलू ओगरे ने बताया कि आंदोलन पश्चात मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया है।


अन्य पोस्ट