महासमुन्द

धान न बेच पाने से परेशान महिला ने की खुदकुशी की कोशिश, हालत खतरे से बाहर
06-Feb-2026 3:03 PM
धान न बेच पाने से परेशान महिला ने की खुदकुशी की कोशिश, हालत खतरे से बाहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 6 फरवरी। बलौदाबाजार जिले के वनांचल क्षेत्र की सहकारी समिति मोहदा के आश्रित ग्राम लोरीदखार की एक महिला ने धान न बिक पाने की समस्या से परेशान होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे समय रहते पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लोरीदखार निवासी कुंती बरीहा (50 वर्ष), पति रविशंकर बरीहा ने गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे कीटनाशक का सेवन किया। परिजनों को जानकारी मिलते ही उसे तुरंत पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार मोहदा समिति के अंतर्गत अब तक लगभग 150 किसानों का धान नहीं बिक पाया है। अनुमान के मुताबिक यह मात्रा लगभग 3000 से 4000 क्विंटल बताई जा रही है। पीडि़त महिला के पास लगभग 2 हेक्टेयर जमीन है, जिस पर उत्पादित करीब 60 क्विंटल धान बेचा जाना था। परिजनों का कहना है कि बार-बार समिति के चक्कर लगाने के बाद भी टोकन नहीं कटने और अन्य औपचारिकताएं पूरी न हो पाने से वह परेशान थीं। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की अवधि दो दिन बढ़ाए जाने के बाद भी मोहदा समिति में कई किसानों के टोकन नहीं कट पाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिरिक्त समय मिलने के बावजूद पोर्टल नहीं खुलने के कारण किसानों को समस्या हो रही है। इस संबंध में समिति प्रबंधन या प्रशासन का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है।


अन्य पोस्ट