महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5फरवरी। वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। शाला के मैनेजर रेव्ह.फ ादर जार्ज कवालम एवं शाला के प्राचार्य रेव्ह.फ ादर देवानंद बाघ के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मैनेजर ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि स्कूल बच्चों को जीवन के मूल सिद्धांत प्रदान करता है। प्राचार्य ने अपने आशीष वचनों में कहा कि जीवन एक चुनौती है, उस चुनौती का सामना करके ही आगे बढ़ सकते हैं। सुख-दुख दोनों परिस्थितियों में सामान्य रहकर आगे बढऩा है। चुनौती जीवन की सफलता का मूलमंत्र है। वरिष्ठ शिक्षिका मिताली जैन एवं प्रदीप्ति चांडक ने भी जीवन के हर क्षेत्र में सफल होने की कामना करते हुए हमेशा आगे रहने की बात कही। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह नृत्य, कविताओं की प्रस्तुति हुई। शिक्षिका प्रवीणा यादव की कविता ने बच्चों का स्कूल में बीता हुआ पल, शिक्षकों के साथ भावनात्मक संबंध एवं मार्मिक भावों को मुखरित किया।
इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को स्नेहिल उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनप्रीत कौर, प्रज्ञा अग्रवाल, श्रेया शुक्ला एवं सिद्ध दीवान ने किया। इस अवसर पर शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


