महासमुन्द

सिरपुर महोत्सव का रंगारंग समापन, बॉलीवुड संगीत सुन झूमे दर्शक
05-Feb-2026 4:12 PM
सिरपुर महोत्सव का रंगारंग समापन, बॉलीवुड संगीत सुन झूमे दर्शक

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद, 5 फरवरी। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का यादगार समापन प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स मुंबई की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। अंतिम दिवस की रात्रि मीत ब्रदर्स मनमीत सिंह-हरमीत सिंह एवं खुशबू ग्रेवाल ने अपने सुपरहिट और भावनात्मक गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उनके बेबी डॉल, चिट्टियां कलाइयां, मैं तेरा बॉयफ्रेंड तो सही जैसे लोकप्रिय गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा। उनकी सुमधुर आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुति ने समापन समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और उल्लास देखने को मिला। युवा वर्ग से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने संगीत की इस संगीतमय शाम का भरपूर आनंद लिया। इससे पूर्व दोपहर 2 बजे से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन हुआ। कुमारी आसना द्वारा भावपूर्ण कत्थक, आंचल पाण्डेय की मनमोहक ओडिसी प्रस्तुति, बिहान लोक कला मंच द्वारा ऊर्जावान पंथी नृत्य, एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों द्वारा पारंपरिक बस्तरिहा नृत्य, नानगांव बोहधन एवं साध्वी सेवा मगरपाली द्वारा प्रस्तुत डंडा नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।  वहीं लोक कला मंच कन्हारपुरी की सोलह सिंगार प्रस्तुति, किशोर हम्पीहोली का प्रभावशाली प्रदर्शन, स्वर संगम सांस्कृतिक मंच नागपुर द्वारा प्रस्तुत आम्रपाली नृत्य नाटक तथा सावित्री कहार लोक कला मंच रायपुर की लोक साधना प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया। लोक साधना एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का सफल और भव्य समापन हुआ।


अन्य पोस्ट