महासमुन्द
महासमुंद,4फरवरी। धान का भौतिक सत्यापन होने के बाद भी धान की खरीद से वंचित किसानों का अनशन मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कल शाम चार बजे समाप्त हो गया। जिला भाजपा पदाधिकारियों ने नारियल पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया। उल्लेखनीय है कि धान का सत्यापन होने के बाद भी उनका टोकन नहीं काटे जाने से आक्रोशित किसानों ने 30 जनवरी को अंतिम तिथि पर सोसायटी कर्मियों को कार्यालय में बंद कर ताला लगा दिया था। राज्य सरकार केनिर्देश के बाद 5 और 6 फरवरी को फिर से धान की खरीदी की जाएगी। गौरतलब है कि एसडीएम द्वारा उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के आश्वासन पर मामला शांत तो हुआ था ।
लेकिन दो दिनों में खरीदी नहीं होने पर किसान अपना धान ट्रेक्टरों में भरकर तेन्दूकोना पहुंचकर परसों सोमवार को 12 बजे चक्काजाम कर दिया था। चार घंटे जाम के बाद किसी प्रकार का निराकरण की पहल नहीं होने के कारण चक्काजाम खत्म कर अनशन शुरू कर हुआ। किसान धनंजय साहू, मायाराम साहू भारतीय किसान संघ एवं हेमंत साहू अनशन पर बैठे।
इस दरमियान भाजपा के तेन्दूकोना एवं डोकरपाली शक्ति केन्द्र भाजपा संगठन के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों बूथ प्रभारियों जन ने भाजपा से सामूहिक इस्तीफ ा देने का इरादा जनपद सदस्य धनंजय साहू से साझा की। हालांकि मंडल अध्यक्ष ने उसे स्वीकार नहीं किया था। अब धान खरीदी के ठोस आश्वासन में वरिष्ठ भाजपाजनों की समझाइश के बाद उन्होंने इस्तीफे का विचार त्याग दिया है।


