महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 फरवरी। क्षेत्र के किसानों का धान आज 5 फरवरी और कल 6 फरवरी को खरीदा जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार टोकन के लिए प्रतीक्षारत अधिकांश किसानों का टोकन जारी किया जा चुका है। दोबारा खरीदी शुरू होने के बाद सहकारी समितियों में किसानों की भीड़ बढ़ गई है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए शासन के निर्देशानुसार किसानों से पहले ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे और आरआई तथा पटवारी के माध्यम से उनका सत्यापन कराया गया था। किसानों का कहना है कि 30 जनवरी के बाद अचानक खरीदी बंद कर दी गई थी, जिसके कारण सत्यापित धान का टोकन नहीं कट सका और कई किसान अपनी उपज नहीं बेच पाए।
इसके विरोध में विभिन्न क्षेत्रों में किसानों द्वारा प्रदर्शन किए गए। किसानों का आरोप था कि सत्यापन के बाद भी खरीदी रोके जाने से उन्हें परेशानी हुई। आंदोलन में किसानों की भागीदारी बढऩे के बाद शासन ने दो दिनों का अतिरिक्त समय देकर सत्यापित धान खरीदने के निर्देश जारी किए।
इन निर्देशों के बाद किसान अपनी समितियों में धान बेचने पहुंच रहे हैं। बताया गया है कि केवल पिथौरा सहकारी समिति में ही लगभग साढ़े छह हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी आज और कल में की जानी है। अतिरिक्त समय मिलने के बाद किसान फिलहाल अपनी फसल बेचने की प्रक्रिया में व्यस्त हैं और समितियों में खरीदी कार्य सुचारू रूप से जारी है।


