महासमुन्द

घर-घर जाकर टीकाकरण, आंबा कार्यकर्ताओं के साथ एनएसएस, रेडक्रॉस व नेयुके के सदस्यों को भी जोड़ा
13-Nov-2021 5:39 PM
घर-घर जाकर टीकाकरण, आंबा कार्यकर्ताओं के साथ एनएसएस, रेडक्रॉस व नेयुके के सदस्यों को भी जोड़ा

जिले में 72 फीसदी को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 नवंबर।
जिले में घर-घर जाकर टीका लगाने का काम पहले से ही चल रहा था और अब केंद्र सरकार की ओर से शुरू किए गए हर घर दस्तक अभियान की घोषणा के बाद विभाग ने इस काम में और तेजी ला दी है। जिले में 12 नवंबर तक की स्थिति में 72 फीसदी यानी लगभग 5 लाख 26 हजार लोगों को कोरोना वैक्सीन का दूसरी डोज लगा ली गई थी। बाकी लोगों को भी जल्द टीका लगाकर नवंबर अंत तक सभी लक्षित आबादी को पूर्ण प्रतिरक्षित करने की दिशा में काम चल रहा है।

मालूम हो कि पहले घर-घर जाकर टीका लगाने का कार्य सिर्फ स्वास्थ्यकर्मी ही कर रहे थे। अभियान की घोषणा के बाद इस काम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ एनएसएस, रेडक्रॉस व नेहरू युवा केंद्र से जुड़े सदस्यों को भी जोड़ा गया है। इससे जिले के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज जल्द लग पाएगी और सभी लोग कोविड-19 से सुरक्षित हो जाएंगे।

जिले में विभाग ने 18 प्लस व 45 प्लस कैटेगरी के पात्र 722575 लोगों को लक्षित किया था। इन लक्षित लोगों को गांधी जयंती तक पहली डोज का टीका लगा दिया गया था। वर्तमान समय तक जिले में 110 फीसदी से भी अधिक लोगों को पहली डोज का टीका लगा लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में सभी सेंटर्स में दूसरे डोज लगवाने के लिए ज्यादा लोग आ रहे हैं । वहीं पहली डोज के लिए रोजाना केवल पांच से 10 लोग ही पहुंच रहे हैं।

जिले में दूसरे डोज के टीकाकरण में भी काफी तेजी के साथ काम किया गया है और जिले के पिथौरा, बसना, सरायपाली और बागबाहरा को भी दोनों डोज में वैक्सीनेटेड कर लिया गया है। महासमुंद व तुमगांव निकाय को वैक्सीनेटेड करने के लिए ज्यादा से ज्यादा जगहों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

वर्तमान समय में वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। गुरुवार को ही जिले के लिए वैक्सीन की 80 हजार डोज मिली है और पहले से ही विभाग के पास 30 हजार वैक्सीन स्टॉक में थी। वर्तमान समय में जिले में लगभग 1 लाख डोज वैक्सीन है, जिसके चलते त्योहार के बाद से टीकाकरण अभियान में और भी तेजी देखने को मिल रही है। रोजाना 10 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस लाभार्थी ने कोविशील्ड का टीका लगाया है और उनकी 84 दिन की अवधि पूरी हो गई है, उन्हें रोजाना सेंटर से फोन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पहले डोज के समय करवाए गए रजिस्ट्रेशन में दिए गए नंबर पर भी एप के माध्यम से मैसेज जा रहा है। फोन लगाने पर भी सेंटर नहीं पहुंच पाने वाले व्यक्ति को घर जाकर टीम टीका लगा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार कल शुक्रवार को जिलेभर में लगभग 300 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए थे, जिन पर शाम तक 10 हजार से अधिक लोगों को टीका लगा लिया गया। इनमें से 9 हजार से भी अधिक लाभार्थी दूसरे डोज वाले रहे।

गौरतलब है कि टीका नहीं लगवाने वाले लोगों को जागरूक करने व उनकी भ्रांतियों को दूर करने जिले में रोजाना विभिन्न गांवों में टीका चौपाल का भी आयोजन किया जा रहा है। लोगों को वैक्सीन का लाभ बताने के साथ ही टीका लगवाने वाले अपना अनुभव भी साझा कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट