महासमुन्द

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस कार्यशाला
11-Sep-2021 10:24 PM
विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस कार्यशाला

महासमुंद, 11 सितम्बर। शुक्रवार को सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस कार्यशाला का आयोजन किया गया। 
कार्यशाला में हैश टैग के माध्यम से मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला चिकित्सालय स्पर्श क्लिनिक महासमुंद से उपस्थित मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता रामगोपाल खूंटे ने जागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यशाला में मानसिक अवसाद व आत्महत्या का प्रयास करने वाले एक युवक ने भी अपनी पीढ़ा व आपबीती बताया और आत्महत्या से समस्या का समाधान नहीं होने की बात कही। इस दौरान रामगोपाल खूंटे ने कहा कि आत्महत्या रोकथाम सप्ताह 6  से 12 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम क्रिएटिंग होप थ्रू एक्शन के माध्यम से आशा पैदा करना है। हमको हर हाल में आत्महत्या जैसा कलंक समाज से दूर करना है। उन्होंने उन्माद, चिंता, भय, विकार, बाई पोलर डिसॉर्डर, मेनिया, पेनिक डिसॉर्डर, बिहेवियर की समस्या, नशे की समस्या कैसे रोकी जाए, इसके बारे में भी बताया।

इस कार्यशाला में एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी कहानी बताई। युवक ने बताया-मैं 27 साल का हूं। मैं वाहन चालक हूं। मेरी 3 लड़कियां हैं। पत्नी अपने मायके चली गई है। पिछले 7 माह से मेरा मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है। इसके कारण मानसिक तनाव, नींद नहीं आना, बार-बार पत्नी के बारे में सोचना, आत्महत्या जैसे ख्याल भी आए। मैं शराब भी पीता हूं और पिछले 7 माह से काम पर नहीं जा पा रहा हूं। एक बार आत्महत्या के लिए जहर का सेवन भी किया और समय पर इलाज मिलने से बच गया। लेकिन इन सब के लिए आज मैं शर्मिंदा महसूस कर रहा हूं।
 


अन्य पोस्ट