महासमुन्द
सरसों तेल 200 रुपए लीटर, सस्ता राइस ब्रांड 150 में मिल रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 सितम्बर। डीजल की बढ़ती कीमतों का असर पर किचन पर पडऩे लगा है। डीजल और सामानों के परिवहन भाड़ा का दाम बढऩे से खाद्य तेलों की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। चिल्हर में सरसों तेल खरीदने पर अब लोगों को 200 रुपए खर्च हो रहे हैं। वहीं सोया और राइस ब्रान ऑयल के लिए भी अब अधिक दाम चुकाने होंगे। इसी तरह दाल की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी हुई है।
पहले दाल की कीमत 80 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मिल रही थी, जो अब 120 रुपए किलो तक पहुंच गई है। सरसों का तेल एक लीटर 130 रुपए में बिकता था, वह पिछले तीन महीने में बढक़र 195-200 रुपए तक पहुंच गया है। चिल्हर में 200 रुपए प्रतिलीटर बिक रहा है। सोया तेल का भाव प्रति लीटर 160 व सस्ता राइस ब्रांड तेल 150 रुपए में मिल रहा है। तीन महीने पूर्व दोनों तेल 90 व 95 रुपए में मिलता था। प्रतिदिन चिल्हर की खरीदी करने वालों को अतिरिक्त 40 से 50 रुपए खर्च करना पड़ रहा है।
इस संबंध में चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष शंभू साहू ने बताया कि दो तीन महीने पूर्व अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद्य तेल की कीमत कम हुई थी, जिससे गृहणियों ने राहत की सांस ली थी। अब एकाएक बाजार मूल्य बढऩे से चिल्हर तेल की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। तेल की कीमतों में करीब 40 से 50 रुपए तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इधर डीजल की कीमत 96.57 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। पिछले तीन से चार दिनों से डीजल की कीमत स्थिर है, और डीजल शतक से 3 रुपए 43 पैसे दूर है। वहीं वर्तमान में पेट्रोल के दाम 99.92 रुपए प्रति लीटर है। इसके पहले चार सितंबर को पेट्रोल की कीमत 100.5 रुपए प्रति लीटर पहुंची थी।


