महासमुन्द
दो दिन पहले ग्रामीण की जान लेने वाला दंतैल, घटनास्थल आया फिर चला गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 सितम्बर। रोहांसी दल के 6 दंतैल सिरपुर क्षेत्र में धमक आए हैं। इससे ग्रामीण एक बार फिर दहशत में हैं। पिछले 5-6 बरसों से क्षेत्र के किसान हाथियों को लेकर परेशान हैं। मालूम हो कि दो दिन पहले ही दंतैल ने एक ग्रामीण की जान ले ली है, इसके बाद से क्षेत्र के लोग डरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस दंतैल ने ग्रामीण की जिस जगह जान ली थी, वही दंतैल बीती रात (गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात) सवा बारह बजे उक्त घटना स्थल पर आया और वहां की जमीन को सूंघकर वहां से फिर रायमुड़ा की ओर आगे बढ़ गया।
महासमुंद वन परिक्षेत्र अधिकारी एसआर डडसेना ने बताया कि क्षेत्र में करीब 6 दंतैल सिरपुर क्षेत्र के आसपास घूम रहे हैं। ये सभी रोहांसी दल के हैं। आज सुबह 10 बजे श्री डडसेना ने हाथियों का लोकेशन ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि एक दंतैल कक्ष क्रमांक 146,154 नांदबारू, केसलडीह से होकर कक्ष क्रमांक 155 की ओर बढ़ रहा है। कक्ष क्रमांक 155, 158 और 159 तालाझर, बंदोरा, खिरसाली की ओर 3 दंतैल घूम रहे हैं।
वहीं 2 दंतैल महासमुंद जिला व बलौदाबाजार के सीमा पर हैं। दंतैल के मूमेंट के आधार पर आसपास के गांव को अलर्ट कर दिया गया है। ग्रामीणों को दंतैल के होने की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि एक दंतैल बार-बार घटना स्थल पर आ रहा है। लिहाजा वन विभाग की टीम भी घटना स्थल के आसपास है। मालूम हो कि लम्बे समय तक क्षेत्र में विचरण करने वाला बार दल धमतरी की ओर चला गया है। उनके जाने से किसानों को काफी राहत मिली है। उनके दल में 23 सदस्य थे। किसान व ग्रामीणों की मानें तो पिछले कुछ महीनों से दंतैल की संख्या कम होने से वे राहत की सांस ले रहे थे, लेकिन रोहांसी दल के 6 दंतैल क्षेत्र में आ जाने से फिर दहशत में ग्रामीण जीवन यापन कर रहे हैं।


