महासमुन्द

नर्सिंग कॉलेज के 16 विद्यार्थियों ने की नेत्रदान करने की घोषणा
08-Sep-2021 6:13 PM
नर्सिंग कॉलेज के 16 विद्यार्थियों ने की नेत्रदान करने की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितम्बर।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके मंडपे ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज के 16 विद्यार्थियों ने नेत्रदान करने की घोषणा की है। 
सूर्या नर्सिंग कॉलेज और फैलोशिप स्कूल ऑफ नर्सिंग में 7 सितंबर को नेत्रदान पखवाड़े के अन्तर्गत नेत्रदान परिचर्चा एवं सेमीनार का आयोजन किया गया। सेमीनार में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के नेत्र सहायक अधिकारी उमेश गोतमारे एवं अवधेश यादव ने नेत्रदान के विषय में बताया।

 उन्होंने बताया कि सामान्यत: नेत्रदान मृत्यु के बाद ही किया जाता है। नेत्रदान के लिए आयु, लिंग, जाति का कोई बंधन नहीं है। चश्मे पहनने वाले एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने वाले भी नेत्रदान कर सकते हैं। नेत्रदान मृत्यु के 6 घण्टे के भीतर करना होता है। मृत्यु उपरान्त मृतक के वारिस, मित्र, रिश्तेदार नेत्रदान के लिए अपने निकट के नेत्र बैंक, जिला चिकित्सालय को शीघ्र सूचित करें। यदि आपने संकल्प पत्र नहीं भरा है फिर भी नेत्रदान कर सकते है। नेत्र चिकित्सक आपके घर पर ही नेत्र प्राप्त करने का कार्य 15 से 20 मिनट में पूरा कर सकता है, यह सेवा नि:शुल्क है। 
 


अन्य पोस्ट