महासमुन्द
विवि को भेजी गई खाली सीटों की संख्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितंबर। महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं के प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण समाप्त हो चुका है। इन दो चरणों में 3007 स्टूडेंट्स ने महाविद्यालय में प्रवेश लिया है। अभी भी 1556 सीट खाली है। इन खाली सीट को अब प्राचार्य की विशेष अनुमति से भरा जाएगा। फिलहाल इस संबंध में अभी तक कोई दिशा निर्देश जारी नहीं हुआ है। क्योंकि महाविद्यालयों से खाली सीटों की संख्या 1 सितंबर की शाम तक विश्वविद्यालय को भेजी गई है। 31 अगस्त को जिन बच्चों ने प्रवेश के लिए च्वाइस सेंटर में शुल्क का भुगतान किया था, उन्हें भी प्रवेश का मौका दिया गया है।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि इसके चलते खाली सीटों की संख्या शाम तक भेजी गई है। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों की खाली सीटों की जानकारी आने के बाद ही आगे के एडमिशन के लिए निर्णय लिया जाएगा। हालांकि विश्वविद्यालय द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार 15 सितंबर तक प्राचार्य व कुलपति के विशेष अनुमति से प्रवेश लेने की अनुमति दी गई है।
इस संबंध में कर्मा कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश देवांगन का कहना है कि खाली सीटों की संख्या भेज दी गई है। कुछ महाविद्यालयों से बुधवार शाम तक यह जानकारी भेजी गई है। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए इस बार 14 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। ये आवेदन पहले व दूसरे चरण में महाविद्यालयों को प्राप्त हुए थे। पहले चरण के लिए आवेदन 2 अगस्त से 17 अगस्त तक मंगाए गए थे।
मालूम हो कि पहले चरण में साढ़े 12 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। पहले चरण की मेरिट सूची जारी होने के बाद महाविद्यालयों में 70 फीसदी सीटें खाली थी। इसके बाद 24 से 26 अगस्त तक दूसरे चरण में आवेदन मंगाए गए थे। इस चरण में 1500 आवेदन प्राप्त हुए थे। विश्वविद्यालय में 27 अगस्त को प्रथम चरण में शेष आवेदन व दूसरे चरण में मंगाए नए आवेदनों का फिर से मेरिट सूची जारी किया था।
आनलाइन आवेदन के समय पोर्टल में तीन से अधिक महाविद्यालयों को च्वॉइस दिया है। विद्यार्थी के 90 प्रतिशत अंक आने के बावजूद प्राथमिकता वाले महाविद्यालय के साथ-साथ वे अन्य तीन से चार महाविद्यालयों का नाम आवेदन में च्वाइस किया था। इसकी वजह से अन्य विद्यार्थियों को मौका नहीं मिल पाया। इनके नाम सभी महाविद्यालय में आए हैं और वे अपने मर्जी से महाविद्यालय में प्रवेश लिया।
महाविद्यालयों में जारी दोनों चरणों की सूची की बात करें तो इस बार सामान्य वर्ग में 90 प्रतिशत कटऑफ गया था। ओबीसी में भी 80 प्रतिशत तक कटऑफ गया था। दूसरे चरण में संभावना थी कि कटऑफ कम आएगा। लेकिन नहीं गया। इस वजह से सीटें खाली रही। प्राचार्य की विशेष अनुमति से लिस्ट जारी की जाएगी, पूरी सीटें भरने की उम्मीद जताई है।
जिला मुख्यालय के मुख्य महाविद्यालय महाप्रभु वल्लभचार्य पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी व बीकॉम में घमासान मचा है। निर्धारित सीट से तीन से चार गुना आवेदन आए हैं। वहीं बागबाहरा, पिथौरा, सरायपाली व बसना क्षेत्र के महाविद्यालयों में बीए व बीएससी में ज्यादा आवेदन आए हैं। जिले के स्व. वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय में जिसमें दो विषयों की सीट फूल हो गई है। बीकॉम व बीएससी की सीट फूल हो गई है। इसी प्रकार जिला मुख्यालय स्थित महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में भी बीकॉम बीएससी की सीटें लगभग भर गई है। यहां 7 से 8 सीट ही शेष बची है।


