कोण्डागांव

बठेनाकांड, भाजपा अजा मोर्चा का धरना
21-Mar-2021 9:40 PM
बठेनाकांड, भाजपा अजा मोर्चा का धरना

सीबीआई जांच की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 मार्च।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन विधानसभा क्षेत्र के बठेना में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के विरोध में भारतीय जनता अनुसूचित जाति मोर्चा के नेतृत्व में 21 मार्च को जिले के केशकाल में राज्य शासन के खिलाफ  एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। विदित हो कि, दुर्ग जिले के पाटन थाना अंतर्गत ग्राम बठेना में विगत 6 मार्च को अनुसूचित जाति परिवार के पांच सदस्यों की लाश मिली थी। 

धरना प्रदर्शन में मौजूद वक्ताओं ने एक स्वर में प्रदेश में फैली अराजकता और बदहाल कानून व्यवस्था की निंदा करते कहा कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार का सबसे प्रमुख दायित्व होता है। इसमें भी यह सरकार बुरी तरह विफल हैं, स्थिति बद से बदतर हो चली हैं। प्रदेश में हर चार घंटे में एक बलात्कार और हर छह घण्टे में एक हत्या या हत्या के प्रयास की घटना से यह साबित हो रहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी अपने महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में कांग्रेस किस तरह विफल है। स्वयं शासन द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्ष में प्रदेश में 1828 हत्या, 1281 हत्या के प्रयास, 4939 बलात्कार, 12862 चोरी, 133 डकैती और 855 लूटपाट के मामले दर्ज किए गए हैं। जब दर्ज किए मामले का यह आंकड़ा है, तो न जाने कितने ही ऐसे मामले होंगे जो प्रकाश में नहीं आ पाते।  राज्यपाल के नाम केशकाल एसडीएम को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ने उक्त घटना का विवरण, अनुसूचित जाति व अन्य समाज प्रमुखों का इस घटना के प्रतिक्रिया स्वरूप उपजा रोष व भारतीय जनता पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।

उक्त धरना प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा और मोर्चा अध्यक्ष नवल मरकाम सहित संतोष कटारिया, आकाश मेहता, अंजोरी नेताम, अनिता नेताम, प्रशान्त पात्र, रामेश्वर उसेण्डी, नवदीप सोनी, धनराज मालू, वीर बघेल, प्रतोश त्रिपाठी, महेंद्र रामटेके, जित्तू साहू, विवेक चौबे, अविनाश सोनी, चंदन सोनी, धनराज पटेल, सुरेंद्र नेताम, मन्नाराम मरकाम, लम्बोदर सलाम, मनीष नेताम, शत्रुघन नेताम, दुलारी मंडावी आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट