कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 15 फरवरी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जनसंपर्क और जनसहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 188वीं वाहिनी द्वारा सुकमा जिला के पालेम में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों की आवश्यकताओं की पूर्ति करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोडऩा तथा सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन कमाण्डेंट भवेश चौधरी के निर्देश तथा द्वितीय कमान अधिकारी अभिज्ञान कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सहायक कमांडेंट केके चन्द्रा और अमर सिंह मीणा की उपस्थिति में बी 188 समवाय के जवानों ने ग्राम पंचायत पालेम के अंतर्गत आने वाले पालेम, डोकरीपारा, जगमुण्डा, साडरापाल, मारापारा, कासनपाल और छोटे लेखापाल सहित आसपास के गांवों में सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और लेखन सामग्री, महिलाओं एवं ग्रामीणों को साड़ी और एलईडी बल्ब, जबकि युवाओं को खेलकूद सामग्री जैसे क्रिकेट किट, कैरम बोर्ड, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट और फुटबॉल प्रदान किए गए। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा बल उनके संरक्षण और सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं।
द्वितीय कमान अधिकारी अभिज्ञान कुमार ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और गांव को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की महत्ता पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में निरीक्षक राहुल यादव सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत पालेम के सरपंच भुपेन्द्र मण्डावी, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों की मौजूदगी में आयोजन सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था भी की गई। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विद्यालय परिवार ने सिविक एक्शन प्रोग्राम के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र में विश्वास और सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


