कोण्डागांव

धूमधाम से मनाई संतश्री सेवालाल की जयंती, समाज में एकता और शिक्षा पर जोर
14-Feb-2026 11:31 PM
धूमधाम से मनाई संतश्री सेवालाल की जयंती, समाज में एकता और शिक्षा पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 फरवरी। कोण्डागांव में बंजारा समाज द्वारा संत श्री सेवालाल जी महाराज की 287वीं जयंती दसवीं बार लगातार भव्य रूप से मनाई गई। जिला मुख्यालय के चौपाटी मैदान में आयोजित इस महोत्सव में समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही और पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, आस्था तथा सामाजिक एकता का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत समाज की महिलाओं द्वारा कलश यात्रा तथा पुरुषों, युवाओं और बच्चों द्वारा झंडियों के साथ निकाली गई विशाल शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सेवालाल चौक पहुंची, जहां सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार संत सेवालाल महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और कढ़ाव प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इसके बाद शोभायात्रा पुन: कार्यक्रम स्थल चौपाटी मैदान पहुंची।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और विभिन्न जिलों से आए बंजारा समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। समाज प्रमुखों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संत सेवालाल एवं मेरामा (जगदम्बा भवानी) की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर बंजारा समाज के जिला अध्यक्ष सुखियाराम चौहान ने नवीन बंजारा भवन की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन में शेड निर्माण के लिए भी आर्थिक सहयोग की मांग जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी।

सांसद महेश कश्यप ने बंजारा समाज की संस्कृति को विश्व प्रसिद्ध बताते हुए समाज में एकता बनाए रखने और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है और नियमों के अनुरूप समाज की मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि देश की प्रगति में हर समाज का योगदान महत्वपूर्ण है और बंजारा समाज भी अपनी विशिष्ट पहचान और योगदान के साथ राष्ट्र निर्माण में सहभागी है। उन्होंने संत सेवालाल के समाज सुधार और शिक्षा संबंधी संदेशों को प्रेरणादायक बताते हुए समाज को निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढऩे का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों को संत सेवालाल महाराज का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मीडिया प्रतिनिधियों का भी अभिनंदन किया गया। मंच पर बंजारा समाज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों के आकर्षक कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष रंग प्रदान किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले कर्मचारियों और व्यवसायिक जनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय नायक, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष ललिता भारद्वाज, विष्णु नायक, मोहन भारद्वाज, जीतेन्द्र सुराना, नामेश देवांगन, कोण्डागांव जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, जिला सचिव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष सहित समाज के वरिष्ठ एवं महिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट