कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 फरवरी। जिला मुख्यालय क्षेत्र के कुम्हारपारा के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन नेशनल हाईवे 130 डी से उत्पन्न धूल की समस्या को लेकर शनिवार सुबह सांकेतिक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि, तेज रफ्तार से गुजरने वाले ट्रकों के कारण लगातार उडऩे वाली धूल घरों तक पहुंच रही है, जिससे भोजन सामग्री दूषित हो रही है और बच्चों सहित परिवारजनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार इस समस्या को लेकर विरोध किया गया था। उस समय प्रशासन के निर्देश पर सडक़ निर्माण एजेंसी द्वारा प्रतिदिन 5–6 बार टैंकर से पानी का छिडक़ाव किया जाता था, लेकिन कुछ दिनों बाद यह व्यवस्था बंद कर दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ट्रक चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने के निर्देश दिए और सडक़ पर नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव फिर से शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और आवागमन पुन: सामान्य हो गया।


