कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 13 फरवरी। कोंडागांव में जिला प्रशासन के निर्देशन में ‘सम्पूर्णता अभियान’ के तहत कुष्ठ रोग एवं टीबी नियंत्रण को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के सभी पांचों विकासखंडों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 फरवरी को विकासखंड कोंडागांव के बम्हनी सेक्टर अंतर्गत ग्राम इसलनार स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कक्षा 12वीं के विदाई समारोह में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहभागिता की। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू एवं बोरगांव आयुष्मान आरोग्य मंदिर के ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक घुडवंत कुलदीप द्वारा विद्यार्थियों को कुष्ठ एवं टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।
टीबी जांच के लिए मोबाइल एक्स-रे सुविधा
कार्यक्रम में बताया गया कि पूर्व में संभावित मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल तक जाना पड़ता था, जिससे दूरस्थ अंचलों के लोगों को कठिनाई होती थी। इस समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा मोबाइल (हेडिंग) एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की जिला टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर प्रतिदिन लगभग 100 नागरिकों का एक्स-रे जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत टीबी संक्रमित मरीजों के परिवारजन, संभावित मरीज, 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक एवं नशा सेवन करने वाले व्यक्तियों की विशेष जांच की जाएगी, ताकि संक्रमण की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।
कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता
कार्यक्रम में बताया गया कि कुष्ठ रोग अब पूरी तरह उपचार योग्य है। शरीर में सुन्नपन, दाग-धब्बे, त्वचा पर गांठ, भौंहों का झडऩा या कान के पास मोटापन जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी समझाइश दी गई कि कुष्ठ रोग से ग्रसित व्यक्ति के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें, बल्कि स्नेह और सहयोग का व्यवहार अपनाएं।
कुष्ठ रोग जनजागरूकता संबंधी शपथ
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को कुष्ठ रोग जनजागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


