कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 फरवरी। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव में पीएम श्री योजना के अंतर्गत 21वीं सदी के अधिगम एवं सूचना कौशल विषय पर स्टूडेंट मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर वासनिक के मार्गदर्शन तथा विनायक कोहली के समन्वयन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति के संबोधन से हुआ, जिसमें संसद की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात सदन की कार्यवाही अध्यक्ष (स्पीकर) द्वारा संसदीय नियमों के अनुरूप संचालित की गई। कक्षा ङ्कढ्ढ से ढ्ढङ्ग तक के विद्यार्थियों ने सरकार पक्ष, विपक्ष, मीडिया प्रतिनिधि सहित विभिन्न संसदीय भूमिकाओं का निर्वहन किया। सभी प्रतिभागी औपचारिक वेशभूषा में अपने-अपने पोर्टफोलियो के अनुसार उपस्थित हुए, जिससे वास्तविक संसद जैसा वातावरण निर्मित हुआ।
विद्यार्थियों ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध के विषय पर गंभीर और तार्किक चर्चा प्रस्तुत की तथा अपने विचार आत्मविश्वास के साथ रखे। कार्यक्रम का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित सचिचिदानंद तिवारी, आदित्य सिधार्थ और अंकिता कुशवाहा द्वारा किया गया।
प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और संसदीय मर्यादा के आधार पर किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्टेशनरी सामग्री और अल्पाहार प्रदान किया गया। अपने संदेश में प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।


