कोण्डागांव

पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि, कोण्डागांव में शहीद स्मृति कार्यक्रम आयोजित
14-Feb-2026 11:25 PM
पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि, कोण्डागांव में शहीद स्मृति कार्यक्रम आयोजित

कोण्डागांव, 14 फरवरी। आज से 7 वर्ष पूर्व वर्ष 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में शनिवार को चिकलपुटी स्थित सीआरपीएफ 188वीं बटालियन मुख्यालय में शहीद स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बटालियन के कमांडेंट भावेश कुमार चौधरी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इसके बाद शहीदों को सलामी दी गई और नक्सलवाद एवं आतंकवाद मुक्त भारत का संकल्प दोहराया गया। शहीद स्मृति कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवानों के साथ स्थानीय स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया और वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर कमांडेंट भावेश कुमार चौधरी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मार्च 2026 तक बस्तर तथा जम्मू कश्मीर को नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 उन्होंने बताया कि इस अभियान में बस्तर क्षेत्र में सीआरपीएफ के 460 से अधिक जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि देश हमेशा इन वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण रखेगा और उनकी शहादत आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और शहीदों के सम्मान के कामना के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट