कोण्डागांव

गुजरात के प्रवासी विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापिका ने दिया न्योता भोज
15-Feb-2026 10:18 PM
गुजरात के प्रवासी विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापिका ने दिया न्योता भोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 15 फरवरी। जिले के कोण्डागांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बेलोतीपारा मसोरा में पदस्थ प्रधानाध्यापिका हीना साहू ने मानवता और आत्मीयता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने अपने पुत्र अभिषेक सोनबोईर के जन्मदिवस के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय कोण्डागांव में अध्ययनरत द्वारिका (गुजरात) से आए प्रवासी विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक न्योता भोज कराया। बस्तरवासियों की उत्कृष्ट मानवतावादी भावना और स्कूली बच्चों के प्रति ममत्व को दर्शाते इस आयोजन से प्रवासी विद्यार्थी अत्यंत प्रसन्न और उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम की सफलता में नवोदय परिवार कोण्डागांव/द्वारिका के प्राचार्य बीडी चेलक, प्राचार्य जितेन्द्र रचेता, हाउस मास्टर आकाश सेन गुप्ता, लाइब्रेरियन ए.के. मिश्र, पीटीआई समीर देवांगन, पीजीटी रूपेश कुमार, काउंसलर सविता साहू तथा टीम इंद्रधनुष के शिक्षक नीरज ठाकुर, हीरालाल चूरेन्द्र, रामानंद मंडावी और प्रेमलता ठाकुर का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर प्राचार्य बीडी चेलक ने कहा कि माइग्रेशन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना, भारत की सांस्कृतिक और भाषाई विविधता को समझने का अवसर देना तथा त्रिभाषा सूत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों से जोडऩा है।

उन्होंने प्रधानाध्यापिका हीना शिवचरण साहू की इस पहल की सराहना करते हुए अन्य पालकों से भी इसी प्रकार सहयोग की भावना अपनाने की अपील की। यह आयोजन न केवल प्रवासी विद्यार्थियों के लिए आत्मीयता का अनुभव रहा, बल्कि शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों के प्रसार का प्रेरणादायी उदाहरण भी बना।


अन्य पोस्ट