कोण्डागांव

साइबर अपराध रोकथाम पर जागरूकता बैठक
06-Feb-2026 11:23 PM
 साइबर अपराध रोकथाम पर जागरूकता बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 6 फरवरी। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और इन अपराधों में बैंक खातों के दुरुपयोग की घटनाओं को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम लोगों में सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और उप पुलिस अधीक्षक  नरेन्द्र पुजारी के मार्गदर्शन में गुरुवार को साइबर सेल कार्यालय कोण्डागांव में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के वाई-फाई प्रोवाइडर, कंप्यूटर सेंटर संचालक तथा चॉइस सेंटर संचालक शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देना और उनसे बचाव के उपायों पर चर्चा करना था।

बैठक के दौरान साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री सौरभ उपाध्याय और साइबर टीम ने बताया कि अक्सर साइबर अपराधी सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए करते हैं। इसके अलावा साइबर ठगी से प्राप्त रकम निकालने के लिए चॉइस सेंटर के बैंक खातों का ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में उपयोग किए जाने के मामले भी सामने आते हैं। कुछ मामलों में कंप्यूटर सेंटरों का उपयोग भी साइबर अपराध से जुड़े कार्यों में किए जाने की आशंका रहती है।

साइबर सेल द्वारा उपस्थित संचालकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वाई-फाई उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई कि वे अपने नेटवर्क का पासवर्ड मजबूत रखें, समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड साझा न करें।

चॉइस सेंटर संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने केंद्र में रकम जमा और निकासी से संबंधित लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करें। इसी तरह कंप्यूटर सेंटर संचालकों को भी यह कहा गया कि जो भी व्यक्ति कंप्यूटर का उपयोग करता है, उसकी पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाए, ताकि आवश्यकता पडऩे पर संबंधित उपयोगकर्ता की पहचान की जा सके।

बैठक में अन्य प्रकार के साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आम जनता साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सके।


अन्य पोस्ट