कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से पूरे जिले में कर दी गई है, लेकिन 24 नवंबर तक खरीदी व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी है।
जिले में लगभग 51,700 किसान पंजीकृत हैं और उनके लिए 67 धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके बावजूद सोमवार सुबह तक 67 में से केवल 52 केंद्रों में ही खरीदी कार्य हो पाया, जबकि 15 केंद्रों में खरीदी अब भी शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों में भारी रोष और निराशा देखी जा रही है।
गिरोला धान खरीदी केंद्र में मौजूद किसान आतुसा राम दीवान, पि_ू राम सोरी और फागू राम दीवान ने बताया कि केंद्र में दी जा रही बारदाना लूज और फटी हुई हालत में है, जिससे धान भराई में परेशानी बढ़ रही है। किसानों ने यह भी बताया कि टोकन कटवाने के लिए सप्ताहभर से भटकना पड़ रहा है, केंद्र में लेबर और हमाल की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण खरीदी कार्य बेहद धीमा चल रहा है।
किसान एग्रीस्टेक संबंधी समस्या का भी सामना कर रहे हैं, जिससे कई किसानों का रकबा कम दर्ज हो रहा है।
गिरोला केंद्र में पंजीकृत महिला किसान धन्नो मंडावी ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि, हमाल की व्यवस्था न होने से उसे अपने बेटे का स्कूल बंद करवाकर केंद्र लाना पड़ा, जहाँ वे स्वयं बोरा सिलाई और धान ढुलाई का कार्य कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मेहनत का मजदूरी भुगतान किसे किया जाएगा, क्योंकि श्रमिक व्यवस्था उपलब्ध ही नहीं है।
उधर, जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आ रही है, उसका तत्काल समाधान किया जा रहा है।


