कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर सुशासन का एक साल, छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल कार्यक्रम का आयोजन कोण्डागांव के न्यू सर्किट हाउस में हुआ। इस आयोजन में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उनके साथ मंच पर कलेक्टर कुणाल दुदावत, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा उपस्थित रहे।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश ने इस वर्ष में विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई है, साथ ही महिलाओं के कल्याण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख माताओं-बहनों को लाभान्वित किया गया है। इसके अलावा, 68 लाख गरीब परिवारों को पांच वर्षों तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई।
इस अवसर पर विधायक ने नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 213 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया और करीब 1750 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। बंद पड़े स्कूलों को पुन: प्रारंभ करके नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार किया गया है।
कार्यक्रम में पर्यटन विकास पर भी चर्चा हुई, जिसमें बस्तर क्षेत्र में पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण और कांगेर घाटी के धुड़मारास गांव को विश्व पर्यटन के नक्शे पर लाने की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। इसके साथ ही, भगवान राम से जुड़ी ऐतिहासिक स्थलों के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा, डबल इंजन सरकार की पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त नीतियों के कारण प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में रोजगारपरक औद्योगिक नीति लागू की गई है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के साथ हुआ, जिसमें 2025 के रजत जयंती वर्ष तक छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेशों की श्रेणी में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।