कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 नवंबर। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोंडागांव के प्राचार्य डॉ. चेतन राम पटेल के निर्देशन में और भूगोल विभागाध्यक्ष श्री समलेश पोटाई, अतिथि प्राध्यापक जगतु नेताम, सहायक ग्रेड 03 अनिता उसेण्डी तथा तकनीशियन सायरा बानो के सहयोग से एम.ए. भूगोल के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों का 22 से 25 नवंबर तक भौगोलिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के विभिन्न भौगोलिक स्थलों का अध्ययन किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वनजंगी के विशाल पहाड़ों में स्थित घाटी समीर और कोहरे से संबंधित विशिष्ट जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को घाटी समीर के प्रवाह को प्रत्यक्ष रूप में देखने का अवसर मिला। इसके बाद, विशाखापट्टनम स्थित ऋषिकोंडा समुद्र तट पर वहां की स्थलाकृति, ऊंचाई, जलवायु और समुद्र तट की विशेषताओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। महाद्विपीय मग्न तट, वायु प्रवाह और समुद्र तट के अन्य पहलुओं पर भी गहन अध्ययन हुआ।
इसके अतिरिक्त, जगदलपुर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में विद्यार्थियों ने जैव विविधता, स्थलाकृति, गुफाएं और जलप्रपातों का अध्ययन किया। कांगेर घाटी में भू-आकृतियों और जलवायु के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को हाल ही में विकसित पर्यटन स्थल घुड़मारास पर बैंबू राफ्टिंग के दौरान तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण भी कराया गया।
इस भौगोलिक भ्रमण में एम.ए. भूगोल के विद्यार्थी काजल नागेश, आफरीन जहां, रूकमणी मरकाम, राधिका मरकाम, सावेत्री मरकाम, भुपेंद्र नेताम, मनीष सोढ़ी और अन्य एम.ए. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी शामिल थे। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों के ज्ञान को और भी विस्तृत किया और भूगोल के विभिन्न पहलुओं को समझने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।