कोण्डागांव

तहसील कार्यालय में किसानों की भीड़, रकबा कटौती पर जताई नाराजगी
21-Nov-2024 9:45 PM
तहसील कार्यालय में किसानों की भीड़, रकबा कटौती पर जताई नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 नवंबर। कोण्डागांव जिले के तहसील कार्यालय में पिछले दो दिनों से किसानों की भारी भीड़ देखी जा रही है। क्षेत्र के नेवता, बफना, मूलमुला, मालगांव, उमरगांव, भीरागांव, चिपावंड, दहीकोंगा, बनियागांव, चिलपुटी, खुटडोबरा, कोकोड़ी, समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के किसान अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए लगातार तहसील कार्यालय पहुंच रहे हैं। 

 किसानों ने शिकायतें करते हुए कहा है कि, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार उनके रकबे में कटौती की गई है, जिससे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने उनके रकबे के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की थी, लेकिन इस वर्ष पोर्टल में कई किसानों के नाम पर शून्य क्ंिवटल धान दिख रहा है। 

 क्षेत्र के किसान तांबेश्वर कोर्राम ने उदाहरण देते हुए बताया कि, पिछले वर्ष उन्होंने 142 क्ंिवटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था। लेकिन इस बार, पोर्टल में कटौती के कारण उनके खाते में केवल 52 क्ंिवटल धान ही वैध दिख रहा है। यही समस्या अन्य किसानों के साथ भी हो रही है, जिससे वे आर्थिक संकट में आ गए हैं। किसानों के अनुसार, उन्होंने अर्जियां दी हैं, लेकिन हर दिन वापस लौटा दिया जा रहा है। अगर पोर्टल में सुधार नहीं हुआ तो हम भविष्य में भी नुकसान उठाएंगे। प्रशासन को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।

भुईयां शाखा में आवेदन की कतार

अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसान तहसील कार्यालय की भुईयां शाखा में लगातार आवेदन जमा कर रहे हैं। लेकिन, तहसीलदार के हड़ताल पर होने और कार्यालय में अन्य व्यवस्थाओं की कमी के कारण उन्हें अगले दिन आने को कहा जा रहा है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। 

 किसानों ने मांग की है कि पोर्टल में रकबा से जुड़ी त्रुटियों को जल्द से जल्द सुधारा जाए। उनका कहना है कि अगर इस वर्ष भी समस्या बनी रही तो आने वाले वर्षों में उनकी कठिनाइयां और बढ़ेगी।


अन्य पोस्ट