कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 अक्टूबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव स्थित बाजार परिसर के प्राचीन मां शीतला माता मंदिर में महाअष्टमी और महा नवमी पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कोण्डागांव की विधायक लता उसेंडी ने भी माता शीतला मंदिर में जाकर दर्शन किए। उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, पार्षद अंकुश जैन और संतोष पात्रे भी उनके साथ उपस्थित थे। विधायक लता उसेंडी के मंदिर में आगमन पर श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने मंदिर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
शुक्रवार सुबह से ही मंदिर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाअष्टमी के इस महत्वपूर्ण अवसर पर मंदिर के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजन सम्पन्न कराया। इसके बाद पूर्णाहुति की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और मनोकामनाओं को लेकर आहुति दी। हवन के पश्चात मंदिर परिसर में विशेष कन्या भोज का आयोजन किया गया, जो नवरात्रि की परंपरा का एक अभिन्न हिस्सा है। कन्याओं को देवी के स्वरूप में पूजते हुए भोजन कराया गया, जिसमें कन्याओं को विशेष प्रसाद परोसा गया।
कन्या भोज के बाद मंदिर में विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने बड़ी श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष नवरात्रि के दौरान 345 घी और 1345 तेल के मनोकामना अखंड ज्योति कलश स्थापित किए गए थे। श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं को लेकर ज्योति कलश स्थापित किए थे, जो नवरात्रि भर जलते रहे। महा नवमी के दिन, इन कलशों का विसर्जन मंदिर परिसर से लेकर राम मंदिर तालाब तक की भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाते हुए पूरे जोश और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। मां शीतला के मुख्य ज्योति कलश को विशेष पूजा-अर्चना के बाद तालाब में विसर्जित किया गया।
मंदिर परिसर में उमड़े श्रद्धालुओं की संख्या ने आयोजन की भव्यता को और भी बढ़ा दिया। स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा इस विशाल आयोजन को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस और प्रशासन की टीमें सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात रहीं। मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो माता शीतला के प्रति लोगों की बढ़ती आस्था को दर्शाता है।
पूरे आयोजन में भक्तों के चेहरे पर उत्साह और भक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और बच्चों ने खासकर बड़ी श्रद्धा के साथ इस आयोजन में भाग लिया। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर कोण्डागांव का माहौल पूरी तरह धार्मिक और उत्सवी हो गया था। श्रद्धालुओं ने माता से अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।