कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 27 नवंबर। बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत बाँसकोट के स्वामी आत्मानंद स्कूल में शनिवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने स्पीच, क्विज कॉम्पिटिशन तथा गांव के लोगो को संविधान के प्रति जागरूक करने के लिए रन फॉर यूनिटी जैसे कार्यक्रम रखे थे। बच्चों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए संविधान के सम्मान की शपथ भी ली।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य अमरसिंह नेताम ने विद्यार्थियों को भारत के संविधान के बारे में जरूरी जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि आज का दिन भारतीय इतिहास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 26 नवंबर की ऐतिहासिक तारीख को सन 1949 में भारत की संविधान समिति की तरफ से भारत के संविधान को स्वीकार किया गया था।
स्कूल के व्याख्याता तोषन कुमार साहू ने बच्चों को बताया कि एक भारतीय नागरिक होने के नाते आपको समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संस्कृति एवं शिक्षा से संबंधित अधिकार मिले हुए है।
यदि आप के किसी भी अधिकार का हनन होता है, तो आपको सवैधानिक उपचारों का भी अधिकार प्राप्त है। इस दौरान रामावतार निषाद, एकता पांडे, शेख साहिना जबी, नेहा शर्मा, किरण कुशवाहा, भाग्यश्री विश्वास, श्रद्धा शर्मा, पारश कराड़े, ख्वाहिश नेताम, हीरासिंह देवांगन आदि मौजूद रहे।