कोण्डागांव

12 पार्षदों में से 11 ने दिए वोट, वर्षा यादव बनीं पालिका अध्यक्ष
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 11 अगस्त। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष हेम कुंवर पटेल के निधन के बाद 11 अगस्त को कोण्डागांव में पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव संपन्न किया गया। उप चुनाव के तहत 22 पार्षद अपने मताधिकार का उपयोग किए। जिसमें से 11 ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी वर्षा यादव के पक्ष में मत डाले, तो वहीं 10 पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी संगीता चक्रधारी के पक्ष में मतदान किया है। इस तरह भाजपा की संगीत चक्रधारी को एक मत से कांग्रेस की वर्षा यादव ने हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा हासिल कर लिया है।
जानकारी अनुसार, नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के भगत सिंह वार्ड क्रमांक 18 की पार्षद और पालिका अध्यक्ष हेम कुंवर पटेल का निधन हो जाने से दोनों पद रिक्त हो गया था। रिक्त पार्षद पद के लिए 27 जून को उपचुनाव हुए और 30 जून को परिणाम भी आ गए। अब भगत सिंह वार्ड भाजपा से कांग्रेस की झोली में जा चुका था।
इस कड़ी में आज नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए उप चुनाव का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, राज्य सभा सांसद, आदिम जाति कल्याण विभाग मंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष के गृह जिला के एक मात्र पालिका में भाजपा का कब्जा था। पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस को मिली बढ़त के बाद कांग्रेस के खाते में 12 और भाजपा के खाते में 10 पार्षद रह गए थे। ऐसे में कांग्रेस की ओर से वर्षा यादव और भाजपा की ओर से संगीता चक्रधारी ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की, जिसमें संगीता चक्रधारी को एक मत से वर्षा यादव ने हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा हासिल कर लिया है।
क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने साधी चुप्पी
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस के खाते में 12 पार्षद और भाजपा के खाते में 10 पार्षद शामिल थे। लेकिन मतदान के दौरान भाजपा के खाते में 10 और कांग्रेस को 11 मत मिले। निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चार्ली ठाकुर के अनुसार एक मत रिजेक्ट हुआ हैं। हालांकि इस बारे में कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया अब तक नहीं दिया है।
पार्षद और कांग्रेस पदाधिकारियों को दिया श्रेय
नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष वर्षा यादव ने अपनी जीत का श्रेय कांग्रेस के पार्षदों और कांग्रेस के पदाधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के मेहनत के चलते उन्हें आज अध्यक्ष पद मिल पाया है। आगे कहा कि, नगर के विकास के लिए वह पहले से कार्य कर रही हैं, अब पूर्ण रूप से जवाबदारी मिलने पर भी और भी बेहतर तरीके से कार्य करेंगी।