कोण्डागांव
अफसरों की समझाईश पर माने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 13 अप्रैल। मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था के सैकड़ों सदस्यों ने बेड़मा में लगे पोस्टर को अज्ञात लोगों के द्वारा फाडऩे के विरोध में गुरुवार की सुबह लगभग 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बेड़मा चौक में चक्काजाम कर दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लगने के कारण कुछ ही देर में दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई। इधर जाम लगने की जानकारी मिलते ही एसडीएम शंकरलाल सिन्हा, एसडीओपी भूपत सिंह व थाना प्रभारी विनोद साहू मौके पर पहुंचे।

10-15 मिनट तक समझाइश देने व दोषियों पर कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन देने के बाद कंगला मांझी सरकार के सदस्य सडक़ से हटे। इस दौरान आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग में आवागमन बाधित रहा।
गुरुवार को एक दिवसीय बस्तर दौरे पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहुंची थीं। ‘भरोसे के सम्मेलन’ में शामिल होने कांकेर, केशकाल विश्रामपुरी सहित कई जगहों से लोग जगदलपुर की ओर जा रहे थे, तभी अचानक कंगला मांझी के वर्दीधारी सदस्यों ने गुरुवार सुबह 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को जाम किया। जहां आधा घंटा से लोग जाम में फंसे रहे।
ज्ञात हो कि मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था की अध्यक्ष फुलवादेवी कांगे की अगुवाई में विगत सोमवार को लगभग 70 वाहनों में 1800 की संख्या में किसान सैनिक दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी माता का दर्शन करने गए हुए थे।
सोमवार की दोपहर केशकाल विकासखंड के ग्राम आदनबेड़ा में उनके लिए भोजन की व्यवस्था रखी गई थी। साथ ही बेड़मा चौक व अन्य विभिन्न स्थानों पर राजमाता व सैनिकों के स्वागत के लिए बैनर-पोस्टर भी लगाए गए थे। जिन्हें अज्ञात लोगों के द्वारा फाड़ दिया गया था।
केशकाल एसडीओपी भूपत सिंह ने बताया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों के द्वारा कंगला मांझी सरकार के पोस्टर को फाड़ दिया गया था। इससे आक्रोशित कंगला मांझी सरकार के सदस्यों ने एनएच पर एकत्रित होकर जाम कर दिया था। हमारे द्वारा उन्हें समझाइश देने के पश्चात जाम खुलवाया गया व आवागमन सुचारू रूप से बहाल करवा दिया गया है।


