कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 सितंबर। विगत दिनों विभिन्न समाचार पत्रिकाओं के माध्यम से जिला मुख्यालय के मटन मार्केट में पशुओं के अस्वस्थ होने की जानकारी प्राप्त होने पर कलेक्टर दीपक सोनी ने इसे लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को तुरंत मटन मार्केट के पशुओं की जांच हेतु निर्देशित किया गया था। जहां उपसंचालक पशुधन विकास विभाग डॉ शिशिर कान्त पांडेय व मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगरपालिका दिनेश डे के मार्गदर्शन में नगरपालिका और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सुबह 7 बजे प्रभारी पशु चिकित्सालय डॉ नीता मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा कोण्डागांव मटन मार्केट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
पशु जांच के बाद अस्वस्थ पाए गए 5 बकरियां
निरीक्षण के दौरान 52 बकरी-बकरों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। जिसमें अस्वस्थ पाए गए 5 बकरियों को तत्काल पशु चिकित्सालय भेजकर उपचार करवाया गया। संयुक्त टीम के द्वारा पशु वध गृह के समस्त मालिकों का पंजीयन करवाने का निर्णय लेते हुए नगरपालिका में पंजीयन हेतु आवेदन प्रस्तुत करने निर्देश दिये। जिसके उपरांत अपंजीकृत दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
भारत सरकार के निर्देशानुसार समस्त पशुवध गृह का पंजीयन किया जाना प्रस्तावित है। जिससे उचित रूप से सभी पशुओं का एंटीमार्टम परीक्षण में पास होने पर ही मटन विक्रय हेतु काटा जाएगा।
डॉ. नीता मिश्रा ने बताया कि, वर्तमान में मनुष्यों में होने वाले 60 प्रतिशत बीमारी पशुओं से आते हंै, इसलिए समस्त पशुओं का स्वस्थ परीक्षण करना अनिवार्य है। अव्यवस्थित परिसर में फैली गंदगी पर सीएमओ ने बताया कि, सभी पशुवध गृह के मालिकों को पंजीयन उपरांत व्यवस्थित तरीके से काउंटर आवंटित किये जाएंगे और परिसर की सफाई हेतु विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।