कोण्डागांव

1 हजार कैरेट केले की बिक्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 19 अगस्त। जन्माष्टमी पर केशकाल टाटामारी के पर्यटन स्थल को देखने क्षेत्र के हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। टाटामारी जाने का एकमात्र सिंगल रास्ता होने के कारण आवागमन रुक-रुककर अवरुद्ध हो जाता है। जिसके कारण पर्यटकों को भारी मशक्कत कर अपने दोपहिया चार पहिया गाडिय़ों में आवागमन किया गया। इस दौरान टाटामारी में मेला भी लगा हुआ था। जन्माष्टमी के दिन केशकाल नगर में 1000 से अधिक कैरेट केले की बिक्री हुई है।
केशकाल नगर पंचायत क्षेत्र के भंगाराम मार्ग पर स्थित टाटामारी पर्यटन चेतना केंद्र जो मुख्य मार्ग से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर है। प्रति वर्ष की भांति जन्माष्टमी, महाशिवरात्रि सहित धार्मिक पर्व में पर्यटन क्षेत्र को देखने आसपास से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस वर्ष सडक़ मार्ग ठीक होने से लोग दो पहिया और चार पहिया वाहनों सीधा पर्यटन स्थल तक पहुँचे। जिसके बाद सभी लोग पैदल ही पर्यटन स्थल को देखने व लक्ष्मी माता और शिव-पार्वती का दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया।
पंचवटी में भी भीड़ उमड़ पड़ी
केशकाल नगर के प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र पंचवटी जहां पर कुछ वर्षों से सीआरपीएफ का कब्जा था, जिसे अब आम लोगों के लिए भी खोल दिया गया है जिसके कारण पहली बार लोगों की भीड़ भी उमड़ पड़ी। साथ ही केशकाल घाट के बीच में स्थित मां तेलिनसती की मंदिर है, वहां भी हजारों दर्शन आरती दर्शन करने पहुंचे।
फलों में सबसे ज्यादा बिक्री केला की
जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे क्षेत्र में लोग हर्षोल्लास के साथ इस पर्व को मनाते हैं, साथ ही प्रत्येक गांव में जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव भी मनाते हैं।
फल विक्रेता फिरोज मेमन ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन सबसे ज्यादा केला की बिक्री होती है और इस दिन सभी दुकानदार केला ही सबसे ज्यादा बेचते हैं। जन्माष्टमी के दिन केशकाल नगर में 1000 से अधिक कैरेट केले की बिक्री हुई है।