कोण्डागांव

तीरंदाजी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया कलेक्टर ने
04-Aug-2022 6:09 PM
 तीरंदाजी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया कलेक्टर ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 अगस्त। जिले के तीरंदाजी खिलाडिय़ों ने बुधवार को कलेक्टर दीपक सोनी से भेंटकर उन्हें अपने प्रशिक्षण गतिविधियों तथा उपलब्धियों के बारे में अवगत कराया।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के सहयोग से प्रशिक्षित उक्त तीरंदाजी खिलाडिय़ों ने बताया कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत् कोलकोता में 7 अगस्त को आयोजित तीरंदाजी स्पर्धा में जिले के 9 खिलाड़ी छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे, जिसमें रोशन उरांव, श्रेयांश वर्मा, रोहित मोहंता, रमिता सोरी, नेहा मरकाम, सावित्री मंडावी, सुमिता मोहंता, दक्षा यादव वं कुंती पोयाम सम्मिलित हैं।

इस दौरान दीपक सोनी ने इन खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को उक्त स्पर्धा में शामिल होने प्रत्येक को दो-दो हजार रूपये प्रोत्साहन राशि प्रदान करने सहित इन सभी का उत्साहवर्धन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोलकाता में आयोजित खेलो इंडिया तीरंदाजी स्पर्धा में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करें। सोनी ने कहा कि उक्त स्पर्धा में गोल्ड, सिल्वर तथा ब्रांज मेडल हासिल करने पर सम्बन्धित खिलाडिय़ों को क्रमश: 11 हजार रूपये, 7 हजार रूपये वं 5 हजार रूपये सम्मान निधि जिला प्रशासन की ओर से प्रदान की जायेगी। उन्होने कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय कोण्डागांव में छात्राओं की मांग पर तीरंदाजी खेल उपकरण उपलब्ध कराने आश्वस्त किया।

 इस मौके पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के तीरंदाजी कोच त्रिलोचन मोहंता ने बताया कि डीआईजी आईटीबीपी राणा युद्धवीर सिंह के मार्गदर्शन में जिले के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं का प्रतिभा निखारने की दिशा में वर्ष 2016 से जिला मुख्यालय कोण्डागांव के बालक छात्रावास तथा कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय में 70 छात्र-छात्राओं को तीरंदाजी विधा का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसमें 20 छात्र 50 छात्राएं सम्मिलित हैं।

इन खिलाड़ी छात्र-छात्राओं द्वारा तीरंदाजी विधा में पूरी मेहनत और लगन से प्रशिक्षण प्राप्त किया जा रहा है। यही वजह है कि देश के कोलकात्ता, अमरावती, राजमहेन्द्री, विजयवाड़ा, चण्डीगढ़, देहरादून, गुवाहाटी, चंदोली, कड़प्पा, शिवपुरी आदि स्थानों पर विगत वर्षों में आयोजित तीरंदाजी स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठतम प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर 9 पदक तथा 215 राज्य स्तरीय पदक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि इन छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से प्रशिक्षण देने के फलस्वरूप खिलाडिय़ों के प्रदर्शन में निरंतर सुधार होने के साथ ही दक्षता में वृद्धि हो रही है।


अन्य पोस्ट