कोण्डागांव

सावन का दूसरा सोमवार: शिवालयों में उमड़े भक्त, निकाली कांवड़ यात्रा
21-Jul-2025 10:42 PM
सावन का दूसरा सोमवार: शिवालयों में उमड़े भक्त, निकाली कांवड़ यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 जुलाई। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को कोंडागांव में शिवभक्ति की छटा देखते ही बन रही थी। सुबह से ही नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

शहर के बाजार पारा स्थित शिवालय, तहसील पारा स्थित शिव मंदिर और कोपाबेड़ा के प्राचीन शिव मंदिर में शिवभक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही देखी गईं। श्रद्धालु भोलेनाथ को बेलपत्र, दूध, जल, और धतूरा चढ़ाकर विशेष पूजा-अर्चना करते नजर आए।

इस अवसर पर सुबह 11 बजे कोंडागांव नगर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। कांवडिय़ों ने सिर पर गंगाजल लेकर पूरे अनुशासन के साथ शिवालय की ओर प्रस्थान किया।

शिवालयों में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान जगह-जगह कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारा, जलपान और विश्राम केंद्रों की व्यवस्था भी की गई थी। नगर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार शिवभक्तों के लिए विशेष होता है, लेकिन आज का दिन भक्तों की आस्था और उमंग के कारण और भी खास बन गया।


अन्य पोस्ट