कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 जुलाई। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर 25 से 29 जुलाई तक सभी अधिकारी कर्मचारी हड़ताल में रहेंगे। कोंडागांव जिले के समस्त ब्लॉक कोंडागाँव, फरसगांव, माकड़ी, बडेराजपुर, केशकाल के सभी ब्लॉक मुख्यालय में आंदोलन कर रहे हैं।
जिला संयोजक नीलकंठ शार्दुल ने कहा है कि भूपेश सरकार एक नया इतिहास रच रहा है, स्वतंत्रता पश्चात पहला अवसर है जब केंद्र सरकार एवं किसी राज्य सरकार द्वारा देय डी ए प्रतिशतता में भिन्नता है, वहीं गृह भाड़ा भत्ता छठे वेतनमान के हिसाब से दिया जा रहा है। हड़ताल कर्मचारी कर रहे हैं और वेतन एवं मंत्रियों का बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के इस आंदोलन में सभी फेडरेशन के सहयोगी संगठन के संघटन पदाधिकारी एवम समस्त सदस्य उपस्थित थे। इस हड़ताल से आम जनों को काफी नुकसान हो रहा है। हड़ताल से कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के सभी स्वास्थ्य केंद्र बंद है, इसमें कोविड वैक्सीनेशन संबंधित कार्य, प्रसव, टीकाकरण, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, मौसमी बीमारी से संबंधित, ओपीडी व्यवस्था आदि चरमरा गई है। सभी स्कूल पूर्णत: बंद है शिक्षक संवर्ग के समस्त घटक दल इस आंदोलन में सम्मिलित हैं। साथ में रसोईया संघ की हड़ताल में सम्मिलित होने से मध्यान्ह भोजन की महत्वपूर्ण योजना भी प्रभावित हो रही है। वन कर्मियों की हड़ताल में जाने से वनोपज के चोरी एवं अवैध कटाई एवं अतिक्रमण होने की संभावना बढ़ रही है शासन की अति महत्वपूर्ण योजना नरवा गरवा घुरवा बाड़ी कार्य पूरी तरह प्रभावित होगी जिसमें मुख्यत: आवर्ती चराई गोठानों में गोबर खरीदी प्रभावित होगी। इस हड़ताल में सभी लिपिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हो रहे हैं जिससे सभी कार्यालय पूर्ण रूप से बंद होंगे इसमें लोगों को काफी परेशानी हो रही है। अति आवश्यक कार्य एंबुलेंस व्यवस्था व्यवस्था पूर्णत: बंद क्योंकि वाहन चालक कर्मचारी संघ भी इस आंदोलन में सम्मिलित हो रहे हैं।
पटवारी संघ की हड़ताल से किसानों के समस्त कार्य प्रभावित हो रहे हैं साफ सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है स्वच्छ भारत योजना प्रभावित होगा। खरीफ फसलों की शुरुआती दौर में ही कृषि विस्तार अधिकारियों की हड़ताल में सम्मिलित होने से फसलों में नुकसान होने की संभावना एवं शासन द्वारा प्रदाय होने वाले योजनाओं को किसानों तक नहीं पहुंच पाएगा।
समस्त कार्यालय अधिकारियों के हड़ताल सम्मिलित होने से सभी अति महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होंगे ।