कोण्डागांव

डीआईजी बालाजी राव का कोण्डागांव में पुलिस दरबार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 जुलाई। उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर बालाजी राव ने 12 जुलाई को कोण्डागांव जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले में तेज बारिश हो रही थी, इसके बावजूद जिले के सभी अधिकारी और जवान निरीक्षण के लिए शामिल हुए।
डीआईजी ने सर्वप्रथम जिला पुलिस के अधिकारी और जवानों का दरबार लगाकर उनसे चर्चा किया। दरबार के दौरान डीआईजी ने सभी जवानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए बेसिक पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।
उप पुलिस महा निरीक्षक बालाजी राव ने जिले में पुलिस के वार्षिक कार्य योजना पर कहा कि, आमजन की शिकायत पुलिस के व्यवहार से रहती है। सभी अधिकारी और जवानों को अपने आचरण व व्यवहार सुधार लाते हुए अच्छे पुलिसिंग करने के आदेश दिए गए। साथ ही बेसिक पुलिसिंग करते हुए पुलिस के समक्ष आए पीडि़त पक्ष के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याएं सुनने निर्देशित किया गया।
डीआईजी द्वारा पुलिस के अधिकारी व जवानों को अपने दैनिक जीवन में बचत की प्रवृत्ति अपनाते हुए भविष्य की कार्य योजना बनाने समझाइश दी गई। उप पुलिस महानिरीक्षक ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने थाना निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों को देखने के साथ-साथ थाने में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनने एवं उनके तुरंत निराकरण के आदेश दिए गए। डीआईजी ने रक्षित निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर रक्षित केंद्र के आसपास के साफ-सफाई एवं शासकीय संपत्ति के रखरखाव का निरीक्षण किया गया।
आरमोरर शाखा के निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार मे रखें हथियारों की साफ सफाई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण पश्चात उप पुलिस महानिरीक्षक ने रक्षित केंद्र परिसर में पौधरोपण किया। डीआईजी बालाजी राव के दरबार व निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के साथ जिले के 185 अधिकारी जवान उपस्थित रहे।
थाने का किया निरीक्षण
डीआईजी बालाजी राव ने जिले के निरीक्षण के दौरान एसडीओपी कार्यालय फरसगांव और थाना फरसगांव का निरीक्षण किया। एसडीओपी कार्यालय व थाने के निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अधिकारियों व जवानों से चर्चा कर एसडीओपी और थाना प्रभारी को जवानों के वेलफेयर के संबंध में कार्य योजना बनाने आदेश दिए गए। थाना परिसर के शासकीय आवास और अन्य निर्माण के मरम्मत के निर्देश दिए गए। फरसगांव निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा, निरीक्षक भापेंद साहू अन्य जवान उपस्थित रहे।