कोण्डागांव

प्रदेश सरकार को घेरने युवा मोर्चा ने बनाई रणनीति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 9 जुलाई। केशकाल के टाटामारी में शनिवार को भाजपा कार्यसमिति की बैठक रखी गई। इस बैठक में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री लता उसेंडी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, भाजयुमो सह प्रभारी निखिल साहू, जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर चर्चा करते हुए साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी युवाओं को किये गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। यह भी कहा गया कि राज्य सरकार की नाकामियों को गांव-गांव में बताने के लिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जिला, मण्डल एवं बूथ स्तर पर कार्य करेंगे।
इस दौरान भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रदेश का मजदूर, युवा, व्यापारी समेत अन्य सभी वर्ग परेशान हैं।
राज्य सरकार ने युवाओं से जो वादे किए थे वो अभी तक पूरे नहीं किए गए। स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोल कर हिंदी माध्यम के बच्चों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। बच्चे अपना टीसी लेकर स्कूलों में प्रवेश लेने के लिए भटकने पर मजबूर हो गए हैं। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ठान लिया है कि गांव-गांव में राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे और आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
इस दौरान दीपेश जिला महामंत्री आकाश मेहता, कोंडागांव न.पा अध्यक्ष हेमकुंवर पटेल, मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी, मण्डल महामंत्री नवदीप सोनी, भूपेश चंद्राकर, जितेंद्र सुराना, विजय पोया, संतोष पात्रे, महेश नेताम यतींद्र सलाम, नागेश देवांगन, गामा जायसवाल, विकास दुआ, वीरेंद्र बघेल, जीतू साहू व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।