कोण्डागांव

उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी ने कलेक्टर को दी विदाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 जुलाई। गुरूवार को उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी की महिलाओं द्वारा कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा को दुर्ग जिले में कलेक्टर के रूप में पदस्थापना पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा उड़ान कम्पनी को नई उंचाईयों तक पहुंचाने के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कलेक्टर को आगामी जीवन एवं उनमें आने वाली चुनौतियों पर विजय के लिए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि उड़ान अपने आप में राज्य ही नहीं अपितु पूरे देश के लिए आजीविका के क्षेत्र में रोजगार के साथ महिलाओं को एक सशक्त पहचान बनाने के लिए सहयोग देने वाले मॉडल के रूप में विकसित हुआ है। यह दूसरे जिलों के लिए भी एक प्रेरणा है जिसे देखते हुए इसकी तर्ज पर अन्य जिलों में भी आजीविका के क्षेत्र में उड़ान जैसे प्रयोग हो रहे हैं।
उन्होंने उड़ान की महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उड़ान आगामी वर्षों में लंबी उड़ान भरते हुए सफलता की नई कहानी गढऩे को तैयार है। 2021 में प्रारंभ हुई इस कम्पनी ने एक वर्ष में नित् नई उपलब्धियां प्राप्त की है। जहां इसे भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के द्वारा सम्मानित किये जाने के साथ राज्य स्तर के कई अवॉर्ड प्राप्त हुए हैं। इसी तरह इस प्रगति को लगातार बनाये रखना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा ने कहा कि कलेक्टर श्री मीणा द्वारा लगातार उड़ान को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किये गये। जिसका यह परिणाम है कि आज उड़ान एक कम्पनी के रूप में स्थापित होकर यहां के उत्पादों की मांग पूरे प्रदेश के साथ बाहर राज्यों में भी हो रही है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि उड़ान के संचालन हेतु वित्तीय सहायता के लिए कलेक्टर के निर्देश पर 50 लाख रूपये ऋण के रूप में आगामी 05 वर्षों हेतु प्रदान किया गया है। जिससे उड़ान कम्पनी को आगामी 05 वर्षों तक वित्तीय आपूर्ति होती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सहित जनपद सीईओ भूपेन्द्र जोशी, महिला जागृति मंच के सिद्धार्थ पाण्डे, डीएमएम विनय सिंह सहित उड़ान की महिलाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महिला समूहों द्वारा कलेक्टर श्री मीणा को उड़ान के बने उत्पादों के साथ ताजे फलों एवं बेलमेटल की बनी स्मृतिचिन्ह प्रदान की गई। उड़ान में दिव्यांग द्वारा बस्तर के स्थानीय फल बोड़ा की टोकरी भी उन्हें भेंट की गई।