कोण्डागांव

केंद्रीय विद्यालय में नवीन शिक्षण सत्र की शुरुआत
26-Mar-2022 8:10 PM
केंद्रीय विद्यालय में नवीन शिक्षण सत्र की शुरुआत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 मार्च। केन्द्रीय विद्यालय में नवीन शिक्षण सत्र की शुरुआत अप्रैल माह से प्रारंभ हो रहा है। शिक्षण सत्र के प्रारंभिक दौर में विद्यालय का पुस्तकोपहार योजना की प्रशंसा अभिभावकों के द्वारा की जा रही है। केंद्रीय विद्यालय विगत 2 वर्षों से संचालित हो रहा है व विद्यालय संचालन के प्रारंभिक दौर से ही कोविड-19 महामारी का प्रभाव पड़ा। लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने बहुत ही शानदार ढंग से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर रही है। इस विद्यालय ने एक अनूठी परंपरा प्रारंभ करते हुए विद्यालय में पुस्तकोपहार योजना संचालित कर रही है। जिसके तहत संस्था में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अपनी पुरानी पुस्तकों को विद्यालय में जमा करते हैं। और अगली कक्षा की पुस्तकें विद्यालय से प्राप्त करते है। विद्यालय की अनूठी पहल का सभी अभिभावकों ने खुले मन से प्रशंसा कर रहे है।

इस विद्यालय के अभिभावक और छात्रों को पुस्तक के संबंध में कोई समस्या नहीं रहती है। बच्चों को एक साथ सभी पुस्तकें प्राप्त हो जाती है। इस तरफ केन्द्रीय विद्यालय की सराहनीय पहल जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के लिए अनुशरणीय है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन कोण्डागांव के जिलाध्यक्ष व केंद्रीय विद्यालय के अभिभावक ऋषिदेव सिंह ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य विकास गुप्ता व प्रभारी प्रधानाध्यापक धनेश्वर चक्रधारी के कुशल नेतृत्व में विद्यालय लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। केंद्रीय विद्यालय के अनूठी पहल का जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में भी अनुसरण किया जाना चाहिए। विदित हो कि छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा कक्षा दसवीं तक के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया जाता है। लेकिन कक्षा 11वीं और 12वीं में बच्चों को स्वयं पुस्तकें खरीदनी होती है। ऐसे में समस्त शासकीय संस्था को केंद्रीय विद्यालय के तर्ज पर पुस्तकोपहार योजना संचालित कर बच्चों को लाभान्वित करना चाहिए। दूसरी तरफ जिले में संचालित समस्त अशासकीय संस्थाएं जहां पर प्रतिवर्ष अभिभावकों को राशि दो हजार से पांच हजार तक पुस्तको की खरीदारी करनी पड़ती है।

और आए दिन अशासकीय शालाएं पुस्तक और प्रकाशन बदलते रहते हैं। ऐसे में समस्त अशासकीय शालाओं को भी अनिवार्य रूप से विद्यालय में पुस्तक बैंक की स्थापना कर बच्चों से पुस्तकें प्राप्त करना और नई कक्षाओं की पुस्तकों का वितरण करना चाहिए। जिससे बच्चों और अभिभावकों पर पुस्तकों के खरीदी के नाम से होने वाले आर्थिक बोझ से बचाया जा सकता है।

इसके तहत केंद्रीय विद्यालय कोण्डागांव में नवीन शिक्षण सत्र के लिए पुस्तकों का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। पुस्तक वितरण कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक धनेश्वर चक्रधारी, आलम साय तिग्गा, मोहन लाल मीना, निशांत मिश्रा, सुमित झा के उपस्थिति में अभिभावक ऋषिदेव सिंह, मिलन दिवान और कन्हैया लाल जैन ने अपने पाल्य के लिए विद्यालय से पुस्तक प्राप्त किए।


अन्य पोस्ट