कोण्डागांव

केशकाल, 21 मार्च। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश में वन कर्मचारियों के द्वारा अपनी ग्रेड पे में वृद्धि करने समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया गया है। इसी तारतम्य में केशकाल वन कर्मचारी संघ भी नगर के रावणभाठा मैदान में धरने पर बैठे हैं, जिसमें केशकाल वन मण्डल अंतर्गत आने वाले चारों वन परिक्षेत्र फरसगांव, बड़ेडोंगर, विश्रामपुरी व केशकाल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए हैं। इनका कहना है कि जब तक हमारी 12 सूत्रीय मांगे पूरी नहीं होंगी, हमारी यह अनिश्चिकालीन हड़ताल जारी रहेगी तथा इस दौरान अनेक प्रकार से विभागीय कार्य भी प्रभावित होंगे, जिसकी पूर्ण जवाबदेही विभाग एवं शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान वन कर्मचारी संघ कोंडागांव के जिलाध्यक्ष ईश्वर कवाची ने बताया कि पूर्व में वन कर्मचारी संघ ने समय-समय पर शासन से पत्राचार कर अपनी मांगों के संबंध में अवगत करवाया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी हमें कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। जिसके परिणामस्वरूप वन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष मूलचंद शर्मा के निर्देशानुसार हमने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। यदि समस्त वन कर्मचारी 21 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाते हंै, तो वन विभाग का काम पूरी तरह से प्रभावित होगा। साथ ही गर्मी का मौसम शुरू होने के कारण मार्च महीने में जंगल में आगजनी की घटनाएं, अवैध कटाई, अवैध उत्खनन, शिकार आदि घटनाओं में तेजी आने की संभावनाएं अधिक होती है, जिसकी पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन एवं विभाग की होगी।
इस दौरान केशकाल वन मण्डल अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र फरसगांव, बड़ेडोंगर, बड़ेराजपुर और केशकाल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए थे।